- राजीव स्मृति वन में फ्री एंट्री बंद!
रायपुर: राजीव स्मृति वन में सुबह की सैर करने वालों को अब 500 रुपए मासिक प्रवेश शुल्क देना पडे़गा। अदा नहीं करने पर प्रवेश नहीं मिलेगा। शुल्क जमा करने पर दैनिक और मासिक पास बनाया जाएगा। इसे दिखाने पर ही प्रवेश की अनुमति मिलेगी। वन विभाग रायपुर के मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) द्वारा इसका आदेश जारी किया गया है।

इसमें रोजाना 20 रुपए और मासिक 500 रुपए शुल्क निर्धारित करने की अनुमति मांगी है। इस तुगलकी फरमान से सुबह की सैर करने वाले को सुबह 5 से 11.30 बजे तक निशुल्क प्रवेश नहीं मिलेगा। जबकि राजीव स्मृति वन के संरक्षण और संवर्धन के नाम पर पर्यटकों से टिकट के रूप में 20 रुपए और पार्किंग शुल्क पहले से वसूल किया जा रहा है।
वहीं, दूसरी तरफ नियमों को ताक पर रखकर विभागीय अधिकारियों और उनके करीबी लोगों के द्वारा पार्क के अंदर रात्रिकालीन पार्टियों का आयोजन जाता है। इसमें बड़े-बड़े साउंड सिस्टम के साथ नाच गाने के प्रोग्राम होते रहते है। 5 महीने पहले यहां होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया था।
इस दौरान पार्टी के साथ ही रातभर जमकर शराबखोरी हुई थी। सुबह पार्क में घूमने वालों ने शराब की खाली बोतल और अन्य प्रतिबंधित सामानों की वीडियो बनाकर इसे वायरल भी किया था। हालांकि 25 सितंबर को भेजे गए आदेश को 1 अक्टूबर से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका आदेश मिलने के बाद विभागीय अधिकारी इसकी तैयारियों में जुटे हुए हैं।
मोबाइल की रिंग टोन से चिडि़यों को परेशानी
राजीव स्मृति वन में आम लोगो के लिए बोर्ड लगाकर मोबाइल की आवाज़ कम रखने कहा गया है। साथ ही बताया गया है कि इससे चिड़ियों को तकलीफ़ होती है। (CG News) वहीं, दूसरी तरफ पार्क का कचरा और सूखे फूल और पत्तियों को जलाकर प्रदूषण फैलाया जा रहा है।
इसके धुएं से आसपास के लोग भी परेशान होते है। इसे लेकर कई बार स्थानीय नागरिकों द्वारा वन विभाग का अधिकारियों को शिकायत की गई है। बता दें कि क़रीब 55 एकड़ में फैले पार्क में सुबह करीब 30 लोग सुबह की सैर के लिए आते है। लेकिन, उन्हे रोकने के लिए शुल्क लगाने की कवायद चल रही है।
शासन द्वारा करोड़ों खर्च
राज्य सरकार द्वारा करोडो़ं रुपए उद्यानों के संरक्षण एवं संवर्धन करने के साथ ही फिटनेस के लिए एक्सरसाइज के लिए उपकरण लगाए गए है। ताकि लोगों को शुध्द ऑक्सीजन के स्वाथ्य का ध्यान रखा जा सकें। शहर पार्को में बुजुर्गों के बापू की कुटिया बनवाकर उनके लिए गीत संगीत योग इंडोर खेल की व्यस्था कराई जा रही है। वहीं, दूसरी तरफ वन विभाग द्वारा राजस्व बढ़ाने के लिए शुल्क वसूली की तैयारी चल रही है।
डीएफओ कार्यालय ने जारी किया दिशा-निर्देश
डीएफएओ रायपुर द्वारा सीसीएफ कार्यालय के पत्र का हवाला देते हुए 7 अक्टूबर को दिशा निर्देश जारी किया है। इसमें बगैर पास किसी भी व्यक्ति को गार्डन में प्रवेश नहीं देने, पास बनवाने और माॅर्निंग वाॅक के समय साथ रखने, इस संबंध में प्रवेश द्वार पर उक्त संबंध में सूचना पत्र चस्पा करने कहा गया है। साथ ही अस्थाई दैनिक पास 20 रुपए देने पर तुरंत बनाकर देने की व्यव्यवस्था करने कहा गया है।
आदेश जारी
राजू अगासिमनी सीसीएफ रायपुर
राजीव स्मृति वन में सुबह की सैर करने के लिए आने वालों से दैनिक और मासिक शुल्क लेने कहा गया है। इस संबंध में विभाग की ओर से डीएफओ को आदेश जारी किया गया है।
