नमक के पानी से गरारे करना दादी-नानी के नुस्खे में शामिल रहा है। मुंह की सफाई के लिए अक्सर ऐसा करने को कहा जाता था। लेकिन जापान में हुई एक नई रिसर्च में पाया गया है कि नमक के पानी से कुल्ला करना श्वसन तंत्र के संक्रमण को रोकने में भी कारगर है।

इसके अलावा ऐसा करना सर्दी-जुकाम, कफ और फ्लू में भी राहत देता है। गर्म पानी में चुटकी भर नमक मिलाकर कुल्ला करने से मुंह की सफाई और महकती सांसों के साथ सेहत भी मजबूत होती है। ऐसे में इसके फायदे और सही तरीके को जान लेना जरूरी हो जाता है।
मुंह के साथ पेट और फेफड़ा भी रहेगा सुरक्षित
आमतौर पर माना जाता है कि नमक के पानी से कुल्ला करना सिर्फ साथ मुंह के लिए जरूरी है। लेकिन ऐसा नहीं है। ये मुंह के साथ-साथ पेट और फेफड़े के लिए भी फायदेमंद है।
डेंटिस्ट डॉ. नीलेश बताते हैं- मुंह में कई तरह के बैक्टीरिया पनपते हैं। अगर इन्हें मुंह में ही खत्म कर दिया जाए तो पेट और फेफड़े सुरक्षित रहते हैं। नमक का पानी इन बैक्टीरिया को खत्म करने में कारगर है।
मौसमी बीमारियों से बचाएगा
सर्दी के मौसम में कई तरह के फ्लू और इन्फेक्शन होते हैं। नमक के पानी से कुल्ला करना इनसे भी बचाता है। गले के इन्फेक्शन और खराश को दूर करने के लिए भी नमक के पानी से कुल्ला किया जा सकता है। इससे छाती में जमा पुराना कफ निकल जाता है और जकड़न से भी राहत मिलती है।
मुंह के पीएच लेवल को मेंटेन करता है
सामान्य रूप से मुंह का पीएच लेवल 6.3% होता है। इससे कम होना यानी मुंह में एसिड के लेवल का बढ़ जाना होता है। ऐसी स्थिति में दांत और मसूड़ों को नुकसान होना शुरू हो जाता है। नमक का पानी मुंह के पीएच लेवल को बढ़ा कर मेंटेन करता है। जो ओरल हेल्थ के लिए काफी जरूरी है।
रात में सोने से पहले कुल्ला ज्यादा फायदेमंद
हल्के गुनगुने पानी में नमक मिला कर कुल्ला किसी भी वक्त किया जा सकता है। लेकिन इसके लिए रात में सोने से पहले का वक्त सबसे मुफीद होता है। नॉर्मल नमक की जगह अगर सेंधा नमक का इस्तेमाल किया जाए तो यह ज्यादा फायदेमंद होता है।
