रायगढ़ । प्रशासनिक सुविधाओं की आम जनों तक सुलभ पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर रानू साहू की पहल पर वृहत चिकित्सा और समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में तमनार विकासखंड के ग्राम सराईडीपा (चितवाही) में शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक लैलूंगा चक्रधर सिंह सिदार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत अबिनाश मिश्रा भी उपस्थित रहे।

विध्ाायक सिदार ने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन लगातार जन हितैषी योजनाओं को क्रियान्वित कर रही है। इससे सभी वर्गों को लाभ मिला है। शासन के किसानों, श्रमिकों और महिलाओं के आर्थिक सशक्ति करण की दिशा में विशेष कदम उठाए हैं। समर्थन मूल्य में धान उपार्जन के साथ कृषि आदान सहायता से किसानों की स्थित पहले से मजबूत हुई है। श्रमिकों के लिए योजनाओं के साथ ही भूमिहीन श्रमिकों के लिए योजना तथा महिलाओं को स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार से जोड़ने के लिए भी योजनाएं चल रही हैं। सुपोषण और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी लगातार कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा वृहत समाधान और स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण किया जा रहा है। साथ ही लोगों को शासन की विभिन्ना जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान कर उससे लाभान्वित भी किया जा रहा है। इसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा यहां पहुंचकर लोगों का इलाज भी किया जा रहा है, जो कि एक सराहनीय पहल है।
सीईओ जिला पंचायत अबिनाश मिश्रा ने इस मौके पर शिविर के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि कलेक्टर रानू साहू की पहल पर आयोजित यह जिला प्रशासन के सभी विभागों का एक सामूहिक शिविर है जिसमें पहले शिविर स्थल के पास के पंचायतों में विभागों द्वारा सर्वे किया जाता है। जिसके पश्चात लोगों से प्राप्त आवेदनों का निराकरण किया जाता है। शिविर के दिन भी सारे विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहते हैं और वे प्राप्त आवेदनों का निराकरण करते हैं। यहां स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स की टीम भी मौजूद रहती है जो गंभीर बीमारियों की निश्शुल्क स्क्रीनिंग करती है। जिससे स्थानीय स्तर पर ही लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिले।
वृहत समाधान शिविर में अध्यक्ष जनपद पंचायत तमनार सरिता कमल राठिया, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत बूढ़ा गौंटिया, विद्यावती सिदार, बिहारी पटेल, एसडीएम घरघोड़ा रोहित सिंह, तहसीलदार अनुज पटेल, सीईओ जनपद एसके मरकाम सहित अन्य विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। 15 करोड़ का बांटा गया मुआवजा, एक हजार 666 बच्चों के बनाए गए जाति प्रमाण पत्र शिविर में भू अर्जन के विभिन्ना प्रकरणों के 161 हितग्राहियों को 15 करोड़ 31 लाख रुपये का चेक विधायक लैलूंगा चक्रधर सिंह सिदार ने सौंपे। इसके साथ ही योजना के अन्य हितग्राहियों को भी उन्होंने योजनांतर्गत प्रदान की जाने वाली सामग्री सौंपी। गर्भवती महिलाओं को पोषण आहार किट दिए गए वहीं दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उन्होंने प्रदान किया। इस मौके पर सर्वे से शिविर ग्राम के आस पास के 17 पंचायतों से प्राप्त आवेदनों के आधार पर 1 हजार 666 स्कूली बच्चों के स्थायी जाति प्रमाण पत्र तैयार कर स्कूलों में छात्रों को वितरित करवाए गए।
