- पर्यटक निहार सकेंगे भोरमदेव जंगल की खूबसूरती

कवर्धा: छत्तीसगढ़ का वनांचल जिला कवर्धा एक और उपलब्धि से लैस हो गया है. रविवार को कवर्धा के भोरमदेव अभयारण्य में जंगल सफारी की शुरुआत विधिवत रूप से हुई है. उद्घाटन समारोह में छत्तीसगढ़ उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप और सांसद संतोष पांडे विशेष रूप से उपस्थित रहे. इस नई पहल के साथ अब भोरमदेव क्षेत्र पर्यटन के मानचित्र पर और अधिक मजबूती के साथ उभर कर सामने आया है.

जंगल सफारी की शुरुआत से पर्यटक भोरमदेव के जंगलों की खूबसूरती को निहार सकेंगे. यहां आने वाले सैलानी इस क्षेत्र के घने जंगल, हरियाली से भरी पहाड़ियां और नदियों को लुत्फ उठा सकेंगे. इसके अलावा इस क्षेत्र के झरनों और वन्यजीव को नजदीक से देख सकेंगे.भोरमदेव अभयारण्य अपनी समृद्ध जैव विविधता और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए पहले से ही प्रसिद्ध रहा है, वहीं अब सफारी के जुड़ने से यह आकर्षण और बढ़ गया है.
यह पर्यटन विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. लोगों को जंगल सफारी के जरिए वन्य प्राणियों को नजदीक से देखने को अवसर मिलेगा- विजय शर्मा, डिप्टी सीएम, छत्तीसगढ़
भोरमदेव क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा. भोरमदेव में जंगल सफारी की शुरुआत से इस इलाके में रोजगार के अवसर पैदा होंगे- केदार कश्यप, वन मंत्री.
भोरमदेव प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ धार्मिक आस्था का भी प्रमुख केंद्र है. यहां स्थित प्राचीन मंदिर और शांत वातावरण पर्यटकों को आध्यात्मिक अनुभव भी प्रदान करते हैं- संतोष पांडेय, बीजेपी सांसद
राजनेताओं ने लोगों से अपील की कि वे ज्यादा से ज्यादा भोरमदेव जंगल सफारी को देखने आएं. वन विभाग को राजनेताओं ने जंगल सफारी के संचालन की शुभकामनाएं दी है.
