छत्तीसगढ़ में एक फर्जी लेटर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस लेटर को छत्तीसगढ़ शासन के गृह विभाग की ओर जारी होना बताया गया है। इतना ही नहीं इसमें अवर सचिव मनोज कुमार श्रीवास्तव के नाम का फर्जी हस्ताक्षर भी है। मामले की जानकारी गृह सचिव मिलने पर अवर सचिव मनोज कुमार श्रीवास्तव ने नवा रायपुर के राखी थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।


एफआईआर में लिखा गया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने अवर सचिव के नाम और पदनाम का उल्लेख कर फर्जी दस्तावेज बनाया है। उसने कूटरचित कर लेटर को सोशल मीडिया पर वायरल कर शासन एवं गृह विभाग की छवि धूमिल करने की कोशिश की है। अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 419, 469 के तहत अपराध पंजीबध्द कर विवेचना में लिया गया है। छत्तीसगढ़ शासन एवं गृह विभाग की छवि खराब करने के उद्देश्य से यह फर्जी पत्र सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है। यह पत्र सभी पुलिस अधीक्षकों के नाम से छत्तीसगढ़ शासन के गृह विभाग की ओर से जारी होना बताकर इस पर अवर सचिव मनोज कुमार श्रीवास्तव का फर्जी हस्ताक्षर भी दर्ज है।
