- मासूमों की सुरक्षा पर सख्ती शुरू
रायपुर: स्कूल बस सिर्फ एक वाहन नहीं, बल्कि हर दिन सैकड़ों मासूम बच्चों की जिम्मेदारी होती है. इसी जिम्मेदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ा एक्शन प्लान लागू किया है. पुलिस लाइन में विशेष शिविर लगाकर 200 से अधिक स्कूल बसों की मैकेनिकल फिटनेस जांच के साथ-साथ चालक और परिचालकों का हेल्थ ऑडिट भी किया जा रहा है. मकसद साफ है कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा.

सुरक्षा की कसौटी पर स्कूल बसें
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के विशेष अभियान के तहत राजधानी की 200 से अधिक स्कूल बसों की तकनीकी जांच की जा रही है. बसों के ब्रेक, टायर, दरवाजे, खिड़कियां, इमरजेंसी एग्जिट समेत सभी सुरक्षा मानकों को बारीकी से परखा जा रहा है. जिन बसों में कोई तकनीकी कमी मिलेगी, उन्हें सुधार के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि बच्चों की यात्रा पूरी तरह सुरक्षित रहे.
बच्चों की सुरक्षा केवल बस की फिटनेस पर ही निर्भर नहीं करती, बल्कि उसे चलाने वाले चालक और परिचालक की शारीरिक क्षमता भी उतनी ही अहम होती है. इसे ध्यान में रखते हुए शिविर में ड्राइवरों और परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जा रहा है. इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बच्चों की जिम्मेदारी संभालने वाले पूरी तरह स्वस्थ और सतर्क हों.
सुरक्षा नियमों पर सख्ती
कमिश्नरेट का यह अभियान स्कूल बसों में सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन को सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है. पुलिस का कहना है कि नियमित जांच और समय-समय पर ऑडिट से हादसों की आशंका को काफी हद तक कम किया जा सकता है. यह पहल स्कूल प्रबंधन और बस संचालकों को भी सुरक्षा के प्रति अधिक जवाबदेह बनाएगी.
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट का यह एक्शन प्लान साफ संदेश देता है कि मासूम बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा. स्कूल बसों की तकनीकी फिटनेस से लेकर चालक और परिचालकों के हेल्थ ऑडिट तक, हर पहलू की गहन जांच की जा रही है, ताकि हर बच्चा सुरक्षित घर से स्कूल और स्कूल से घर लौट सके.
