रायपुर: ट्रांसजेंडर समुदाय ने भी रक्षाबंधन के पर्व को सेलिब्रेट किया है. रायपुर के सरोना में स्थित ट्रांसजेंडर शेल्टर होम गरिमा गृह में भी रक्षाबंधन का पर्व धूमधाम से मनाया गया.ट्रांसजेंडर समुदाय ने रक्षाबंधन के इस पर्व को बेहद आत्मीय और भावुक माहौल में मनाया. इस अवसर पर ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों ने एक-दूसरे को राखी बांधकर भाई-बहन के रिश्ते, प्रेम और अपनत्व की भावनाओं को साझा किया.
मितवा समिति की अध्यक्ष विद्या राजपूत ने बताया कि ट्रांसजेंडर समुदाय के बहुत से लोगों के जीवन में परिवार और भाई-बहनों से दूरियां आई हैं. भाई-बहन के लिए प्रेम कभी खत्म नहीं होता.
गरिमा गृह में रक्षाबंधन मनाने का उद्देश्य यही है कि हमारे समुदाय के लोग भी उस प्यार अपनत्व और पारिवारिक भावना को महसूस कर सकें, जो हर इंसान के जीवन का खूबसूरत हिस्सा है. आज निक्की ध्रुव और स्पर्श कश्यप को राखी बांधते देखकर लगा कि रिश्तों की ये खूबसूरत भावनाएं किसी से छीन नहीं सकतीं-विद्या राजपूत, अध्यक्ष, मितवा समिति
ट्रांसजेंडर पापी देवनाथ ने बताया कि, ”रक्षाबंधन हमारे लिए सिर्फ राखी बांधने का त्योहार नहीं है. यह उन रिश्तों और भावनाओं को महसूस करने का दिन है, जो हमारे जीवन में बहुत मायने रखते हैं. गरिमा गृह में जब हम एक-दूसरे को भाई-बहन की तरह राखी बांधते हैं, तो ऐसा लगता है, जैसे हम अपने परिवार के साथ त्योहार मना रहे हैं. यह पल हमारे लिए बहुत भावुक और यादगार है.”
रक्षाबंधन के मौके पर नवनियुक्त ट्रांसजेंडर आरक्षक भी विशेष रूप से गरिमा गृह पहुंचे थे. ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया. पुलिस सेवा में चयनित ट्रांसजेंडर युवाओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और रोचक बनाने के साथ ही खुशियों से भर दिया.








