मोतिहारी: नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा का असर बिहार के सीमावर्ती इलाकों तक दिखाई दे रहा है. पूर्वी चंपारण जिले के आदापुर थाना क्षेत्र के लाला छपरा गांव के एक ही परिवार के पांच सदस्य नेपाल में आई बाढ़ के तेज बहाव में लापता हो गए हैं. घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
कबाड़ का व्यवसाय का परिवार लापता: लाला छपरा निवासी बुधन शाह पिछले करीब चार वर्षों से अपने परिवार के साथ नेपाल के बितरावती क्षेत्र के बतार में किराए के मकान में रह रहे थे. वहां वे कबाड़ खरीदने के साथ मजदूरी का काम करते थे. बताया जा रहा है कि हाल ही में कुलदेवता की पूजा के बाद उनकी पत्नी मानती देवी भी गांव से नेपाल लौटी थीं.
पहाड़ी क्षेत्र की ओर गए थे पिता-पुत्र: मोतिहारी में रहने वाले ऋषि शाह ने बताया कि उनके भाई बुधन शाह ने फोन पर इसकी जानकारी दी. बताया कि, घटना के समय बुधन शाह अपने दोनों बेटों सूरज और साजन के साथ कबाड़ खरीदने पहाड़ी क्षेत्र की ओर गए हुए थे. इसी दौरान अचानक आई भीषण बाढ़ ने उनके किराए के मकान को अपनी चपेट में ले लिया.
“मकान में मौजूद मानती देवी, उनकी बेटियां आशा कुमारी और रूपा कुमारी, शादीशुदा बेटी संध्या कुमारी और संध्या की दो वर्षीय बेटी आयुषी कुमारी बाढ़ के प्रचंड बहाव में बह गईं.”-ऋषि शाह, बुधन शाह के भाई
ऋषि शाह ने बताया कि, बड़ी बेटी संध्या कुमारी त्रिशूली में व्यवसाय करती थीं. हादसे वाले दिन ही वह अपनी दो वर्षीय बेटी आयुषी के साथ मां से मिलने बतार पहुंची थीं. परिवार के साथ कुछ समय बिताने के दौरान अचानक आई बाढ़ ने पूरे इलाके में तबाही मचा दी.
इंटरनेट सेवा बाधित होने से बढ़ी चिंता: नेपाल के आपदा प्रभावित क्षेत्र में नेटवर्क और इंटरनेट सेवा बाधित होने के कारण भारत में मौजूद परिजनों का संपर्क भी टूट गया है. इससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है. ग्रामीण लगातार नेपाल में फंसे परिजनों की सलामती की जानकारी मिलने का इंतजार कर रहे हैं.
लाला छपरा गांव में शोक का माहौल: स्थानीय वार्ड सदस्य अबुलैस मियां और मुश्ताक आलम ने बताया कि घटना की खबर मिलते ही लाला छपरा गांव में शोक का माहौल है. एक ही परिवार के पांच लोगों के लापता होने से ग्रामीणों में भी गहरी चिंता है. सभी लोग अब लापता सदस्यों के सुरक्षित मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं.
अब तक 587 लोगों की मौत: नेपाल में 27 अगस्त को आयी बाढ़ ने भारी तबाही मचायी. ईटीवी भारत की इंटरनेशनल रिपोर्ट के अनुसार नेपाल में बाढ़ में मरने वालों की संख्या 587, जबकि दो हजार से अधिक लोग अब तक लापता बताये जा रहे हैं, जिसमें 320 भारतीय नागरिक हैं. नेपाल की NDRRMA के अनुसार शुक्रवार की शाम तक 579 शव मिले थे.








