छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव से पहले ईडी की लगातार कार्रवाई जारी है। हवाला कारोबारियों पर राष्ट्रीय प्रवर्तन निदेशालय की नजर है। इसी के तहत मंगलवार को फिर रायपुर और भिलाई में ईडी ने छापा मारा है। यह कार्रवाई हवाला कारोबार से जुड़े व्यापारियों और शराब ट्रांसपोर्ट से जुड़े लोगों पर की गई है। आशंका है कि करोड़ों रुपये हवाला के जरिए दुबई भेजे गए हैं।

खबर है कि हवाला कारोबारी रवि बजाज और ट्रांसपोर्टर अरविंद सिंह के ठिकानों पर ईडी ने छापा मारा है। शराब ट्रांसपोर्टर अरविंद सिंह से भी ईडी की पूछताछ जारी है। चर्चा है कि अवैध उगाही की रकम हवाला के जरिए बाहर और विदेशों में भेजी जा रही थी। इसमें दुबई का नाम सामने आ रहा है। इसी शक के आधार पर ईडी ने सुबह छापा मारा है। सूत्रों का दावा है कि अरबों रुपए के लेन-देन का खुलासा हो सकता है।
