छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आइएएस कान्क्लेव-2023 कार्यक्रम में आला अधिकारियों की तारीफ की। राजधानी के होटल सयाजी में आयोजित समापन समारोह में उन्होंने कहा कि प्रदेश में अफसरों ने अच्छे से नवाचारों को अपनाया है।

आइएएस अधिकारियों की महत्ता के बारे में बात करते हुए सीएम बघेल ने कहा कि आइएएस अधिकारी का काम आम जनता से सीधा-सीधा जुड़ा होता है। अधिकारी जनहित में योजनाओं तथा कार्यक्रमों का बेहतर से बेहतर क्रियान्वयन के लिए काम करें, ताकि आम आदमी को उसका अधिक से अधिक लाभ मिल सके।
सीएम भूपेश ने कहा कि शासन की योजनाओं को जमीन पर उतारने में आइएएस अधिकारियों की खास भूमिका है। वे नवाचारों में बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आइएएस अधिकारियों का कार्यक्षेत्र व्यापक और चुनौतीपूर्ण होता है। अधिकारियों को चाहिए कि वे अपने दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा और कुशलतापूर्वक करें।
इस समारोह को मुख्य सचिव अमिताभ जैन व आइएएस एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष मनोज पिंगुआ ने भी संबोधित किया। एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री के कुशल मार्गदर्शन के लिए उनको धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी और राज्य के समस्त आइएएस अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आइएएस अधिकारी की अपने कार्यक्षेत्र में महत्वपूर्ण जवाबदेही होती है। अधिकारियों में व्यवहार कुशलता के साथ-साथ संवेदनशीलता भी होनी चाहिए जिससे हर जरूरतमंद व्यक्ति की मदद हो सके। इसी तरह छत्तीसगढ़ के विकास आप लोगों की भूमिका बनी रहनी चाहिए।
