छत्तीसगढ़ में नशे के चंगुल में फंसे युवाओं को बाहर निकालने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं। इस बीच सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया की छत्तीसगढ़ इकाई ने भी रायपुर पुलिस के साथ मिलकर जिंदगी न मिलेगी दोबारा अभियान की लॉन्चिंग की है।
मंगलवार को इस अभियान का पोस्टर लॉन्च रायपुर के पुलिस आईजी अजय यादव ने किया। इस अभियान के अंतर्गत बच्चों को नशा मुक्ति, ट्रैफिक नियम के साथ-साथ हेल्थ और हाइजीन बनाए रखने के बारे में जानकारी दी जाएगी।
इस अभियान को लेकर सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया छत्तीसगढ़ इकाई के अध्यक्ष ललित जैसिंघ ने बताया की नशा मुक्ति, ट्रैफिक नियमों और हेल्थ हाइजीन बनाए रखने के लिए बच्चों को ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके अलावा करियर गाइडेंस पर भी फोकस होगा। हमने इस अभियान के लिए 15 स्कूलों का चयन किया है, जिसमें बच्चों को शुरुआत में ट्रैफिक नियमों से जुड़ी छोटी-छोटी जानकारी दी जाएगी। साथ ही इन स्कूलों में मोटिवेशनल स्पीकर बच्चों को नशे के खिलाफ, और उससे दूर रहने के फायदे बताएंगे।
आगे उन्होंने बताया कि जिंदगी ना मिलेगी दोबारा अभियान अगस्त के पहले हफ्ते से शुरू होगा। जिसे पूरे अगस्त महीने तक चलाया जाएगा। इसके तहत सिंधु डॉक्टर फोरम की टीम बच्चों को हेल्थ के बारे में भी जानकारी भी देगी।








