
आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 में शत-प्रतिशत् मतदान हेतु स्वीप कार्यक्रम के तहत् छत्तीसगढ़ की सबसे ऊंची चोटी गौरलाटा में विभिन्न आयु वर्गों के मतदाताओं द्वारा विशाल मानव श्रृंखला बनाकर अवश्य मतदान करने का संदेश दिया गया। इस मतदाता जागरूकता अभियान में जिले के 15 हजार से अधिक मतदाताओं ने सबसे बड़ी मानव श्रृंखला का निर्माण कर बलरामपुर-रामानुजगंज जिले का नाम गोल्डन बुक ऑफ वल्र्ड रिकार्ड में दर्ज कराया।
सबसे ऊंची चोटी पर बनी मानव श्रृंखला वल्र्ड रिकॉर्ड में शामिल
सबसे ऊंची चोटी पर बनी मानव श्रृंखला वल्र्ड रिकॉर्ड में शामिल
अंबिकापुर। आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 में शत-प्रतिशत् मतदान हेतु स्वीप कार्यक्रम के तहत् छत्तीसगढ़ की सबसे ऊंची चोटी गौरलाटा में विभिन्न आयु वर्गों के मतदाताओं द्वारा विशाल मानव श्रृंखला बनाकर अवश्य मतदान करने का संदेश दिया गया। इस मतदाता जागरूकता अभियान में जिले के 15 हजार से अधिक मतदाताओं ने सबसे बड़ी मानव श्रृंखला का निर्माण कर बलरामपुर-रामानुजगंज जिले का नाम गोल्डन बुक ऑफ वल्र्ड रिकार्ड में दर्ज कराया।छत्तीसगढ़ राज्य के सिरमौर पर स्थित बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में स्थित राज्य की सबसे उंची चोटी गौरलाटा (उंचाई 1225 मीटर) में मतदाता जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। विकासखण्ड कुसमी के ग्राम पंचायत इदरीपाट से प्रात: ९ बजे जिला निर्वाचन अधिकारी रिमिजियुस एक्का, पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, वनमण्डलाधिकारी विवेकानन्द झा की अगुवाई में जिले के लगभग 15 हजार से अधिक विभिन्न वर्गों के मतदाताओं ने उत्साह के साथ लगभग 12 किलोमीटर के दुर्गम एवं पथरीले मार्ग से पैदल चलकर राज्य की सबसे ऊंची चोटी गौरलाटा पर्वत की चढ़ाई की।
फिर यहां पहुंचकर मतदाताओं ने आगामी चुनाव में ‘छोड़हूं बुता काम-करहूं पहिले मतदान के नारे’ के साथ अवश्य मतदान करने की शपथ ली। साथ ही विशाल मानव श्रृंखला का निर्माण कर मतदाता जागरूकता का संदेश भी दिया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ रेना जमील सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में हर आयुवर्ग के मतदाता एवं स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
गौरलाटा में आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में लगभग 15 हजार से अधिक लोगों ने शामिल होकर सबसे बड़ी मानव श्रृंखला का निर्माण करते हुए नया इतिहास रचा है। इसके पश्चात् जिले में मतदाता जागरूकता के क्षेत्र में चलाये गये हस्ताक्षर अभियान और सबसे बड़ी मानव श्रृंखला को गोल्डन बुक ऑफ वल्र्ड रिकार्ड की स्टेट हेड सोनल राजेश शर्मा द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। दरअसल विगत दिवस जिले के समस्त ग्राम पंचायतों में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया था। इसमें एक ही दिन में 03 लाख 94 हजार मतदाताओं ने अपना हस्ताक्षर कर मतदान करने की शपथ ली थी।








