छत्तीसगढ़ में दूसरे और अंतिम चरण के मतदान से पहले बुधवार (15 नवंबर) शाम 5 बजे प्रचार का शोर थम गया. मतदान के दिन से 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार खत्म करने का नियम है. आखिरी दिन बीजेपी औऱ कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर के नेताओं ने छत्तीसगढ़ में चुनाव प्रचार में हिस्सा लिया और अपने-अपने उम्मीदवारों के पक्ष में वोट मांगा. इनमें बीजेपी की तरफ से अमित शाह और कांग्रेस की तरफ से राहुल गांधी भी शामिल थे, जिन्होंने क्रमश- जांजगीर-चांपा और बेमतरा में चुनावी रैली को संबोधित किया.

चुनाव से पहले बुधवार को सीएम भूपेश बघेल ने दुर्ग की चार सीटों पर धुआंधार रोड शो किया. वहीं, राहुल गांधी ने भी बेमतरा में जनसभा को संबोधित कर विपक्षी बीजेपी पर जमकर हमला बोला. साथ ही उन्होंने यहां की जनसभा में छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए बड़ा वादा करते हुए कहा कि उन्हें कांग्रेस सरकार में हर साल 15000 रुपये दिए जाएंगे. उधर, जांजगीर-चांपा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बीजेपी प्रत्याशी के पक्ष में जनसभा की और सत्तारूढ़ कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि यह सरकार को एटीएम की तरह इस्तेमाल करती है.
