

कोंकणा सेन ने बॉलीवुड की कई चर्चित फिल्मों में अपने अभिनय से रूबरू कराया है। कोंकणा बहुमुखी प्रतिभा की धनी अभिनेत्री हैं और अभिनय के साथ-साथ अपने निर्देशन से भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं। इस साल आई सीरीज ‘लस्ट स्टोरीज 2’ के एक सेगमेंट ‘द मिरर’ का निर्देशन उन्हीं ने किया, जिसे काफी पसंद किया गया। हाल ही में करण जौहर भी कोंकणा सेन की तारीफ करते नजर आए।
करण को बेहद पसंद आया ‘द मिरर’
हाल ही में एक मीडिया बातचीत में करण जौहर और कोंकणा सेन शर्मा दोनों शामिल हुए। इस दौरान करण जौहर ने कोंकणा सेन के निर्देशन की दिल खोलकर तारीफ की। इस दौरान करण जौहर ने ‘लस्ट स्टोरीज 2’ में कोंकणा सेन शर्मा द्वारा निर्देशित ‘द मिरर’ के समापन दृश्य पर खासतौर से बात की, जिसमें तिलोत्तमा शोम और अमृता सुभाष की मुलाकात एक सब्जी वाले के पास होती है।
निर्देशक को पसंद आया ये सीन
करण जौहर ने कहा कि उन्होंने किसी सब्जी विक्रेता के यहां प्रतिभा का इससे ज्यादा शानदार दृश्य नहीं देखा है। करण जौहर ने इस दौरान उन सीन की बारीकियों पर गौर किया, जिसमें ठहराव, चुप्पी, बेढंगापन और आखिर में एक समाधान, सब दिखाई देता है। ये सीन सिर्फ एक्टर से निर्देशन की दुनिया में उतरा कोई शख्स ही कर सकता है।
करण ने मेकर्स को दी ये सलाह
करण जौहर ने ये खुलासा भी किया कि उन्होंने इस सीन को तीन बार रिवाइंड करके देखा। इस सीन ने भावनात्मक स्तर पर उन्हें काफी ज्यादा प्रभावित किया। इसकी तारीफ करते हुए करण जौहर ने सिनेप्रेमियो और मेकर्स से इस सीन को खासतौर से देखने का आग्रह किया। वहीं, कोंकणा को भी अपने इस काम से बेहद संतुष्टि मिली। बता दें कि ‘लस्ट स्टोरीज’ में चार कहांनिया हैं। अन्य तीन कहांनियों का निर्देशन आर बाल्की, सुजॉय घोष और अमित रविंद्रनाथ शर्मा ने किया।
