नई दिल्ली, । साल 2022 अक्षय कुमार के लिए सिनेमाघरों में भले ही अच्छा ना रहा हो, लेकिन ओटीटी पर वो छाये रहे। डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज हुई अक्षय की साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म कठपुतली पिछले साल ओटीटी पर सबसे अधिक देखी गयी फिल्म बन गयी है।

ओरमैक्स मीडिया ने व्यूअरशिप को लेकर रिसर्च के बाद टॉप 15 फिल्मों की लिस्ट जारी की है, जिसमें पहले स्थान पर कठपुतली है। इस रिसर्च के अनुसार, फिल्म को 26.9 मिलियन व्यूज हासिल हुए हैं। इससे पहले 2020 में अक्षय कुमार की लक्ष्मी ने भी स्ट्रीमिंग रिकॉर्ड तोड़ थे। यह फिल्म भी डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर आयी थी।
पूजा एंटरटेनमेंट निर्मित और रंजीत तिवारी निर्देशित कठपुतली में अक्षय कुमार के साथ रकुल प्रीत सिंह फीमेल लीड रोल में थीं। इनके अलावा सरगुन मेहता, जोशुआ लेक्लेयर और चंद्रचूड़ सिंह ने अहम भूमिकाएं निभायी थीं। प्रोडक्शन हाउस की अगली फिल्मों में गणपत, कैप्सूल गिल, बड़े मियां छोटे मियां और कर्ण शामिल हैं।
