केंद्र सरकार भारत को 2047 तक 30-35 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए सभी राज्यों के साथ मिलकर काम कर रही है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को यह दावा किया। वाणिज्य व उद्योग मंत्री ने यहां इन्वेस्ट केरल ग्लोबल समिट (आईकेजीएस) में निवेशकों को आकर्षित करने का प्रयास किया और कहा कि वे जल्द ही बहरीन के साथ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लिए बातचीत शुरू करेंगे। गोयल ने कहा कि देश में “विकास, प्रगति और आर्थिक अवसरों के लिए बेजोड़ अवसर” हैं।गोयल ने जोर देकर कहा, “हम सभी राज्यों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं,” ताकि देश की अर्थव्यवस्था को वर्तमान 4 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर से 2047 तक 30-35 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर तक ले जाया जा सके। भाजपानीत केंद्र सरकार और वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) नीत केरल सरकार के बीच विभिन्न मुद्दों पर मतभेद हैं।
इस पृष्ठभूमि में गोयल ने कहा कि वह केरल के साथ एकजुटता दिखाने के लिए यहां आए हैं और उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में राज्य द्वारा की गई विभिन्न प्रगति का भी उल्लेख किया। उन्होंने निवेशकों से केरल और देश में निवेश करने का आग्रह करते हुए कहा, “आइये और निवेश के फल का आनंद लें”। दो दिवसीय निवेशक शिखर सम्मेलन में लगभग 3,000 प्रतिभागियों के भाग लेने की उम्मीद है।

