हिंदी सिनेमा से लेकर हॉलीवुड तक में अपनी अदाकारी का जलवा बिखेर रहीं एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा फिलहाल भारत में हैं। एक्ट्रेस यहां अपनी मोस्ट अवेटेड एक्शन-थ्रिलर सीरीज ‘सिटाडेल’ का प्रमोशन करने पहुंची हैं। गौरतलब हो कि इस सीरीज का हिंदी संस्करण भी बन रहा है, जिसमें वरुण धवन और सामंथा रुथ प्रभु मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इस सीरीज का निर्माण राज और डीके कर रहे हैं। वहीं, हिंदी संस्करण के लिए प्रियंका चोपड़ा भी काफी एक्साइडेट हैं, साथ ही सिटाडेल इंडिया पर अपने विचार साझा करती नजर आई हैं।
सोमवार को अपनी सीरीज ‘सिटाडेल’ के प्रमोशन के दौरान प्रियंका चोपड़ा ने इसके हिंदी संस्करण के लिए अपनी एक्साइटमेंट जाहिर की। एशिया पैसिफिक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, जब एक्ट्रेस से पूछा गया कि क्या वह रीमेक के लिए वरुण और सामंथा को कोई सलाह या कोई सुझाव देना चाहती हैं, तो उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि मैं उन्हें कोई सलाह दे सकती हूं। वे दोनों बेहतरीन स्टार्स हैं, मैं कुछ नहीं कह सकती।’
प्रियंका ने यह भी साफ किया कि वह वरुण धवन से मिलीं और चर्चा की कि इसके हिंदी रीमेक में एक दिलचस्प क्रॉसओवर कैसे होगा। एक्ट्रेस ने कहा, ‘मैं हाल ही में वरुण से मिली और वह मुझे बता रहे थे कि शूटिंग कैसी चल रही है, यह कितना रोमांचक है। हम उस पर चर्चा कर रहे थे, और जब आप देखना शुरू करेंगे तो आपको पता चलेगा कि शो वास्तव में कितना मजेदार है। मैं इसे देखने के लिए इंतजार नहीं कर सकती।’
प्रियंका चोपड़ा ने फिल्म निर्माता राज और डीके की तारीफ में कहा, ‘वह दोनों अद्भुत और प्रतिभाशाली हैं, और वे अपनी स्पिन को सीरीज में लाने जा रहे हैं।’ इतना ही नहीं इस कॉन्फ्रेंस में प्रियंका ने अपने बॉलीवुड स्ट्रगल पर अब जाकर चुप्पी तोड़ने पर भी चर्चा की। एक्ट्रेस ने कहा, ‘मुझे लगता है कि अब मैं जिंदगी के इस मुकाम पर हूं, जहां लगता है कि अब मैं खुलकर बात कर सकती हूं, अब मेरे अंदर ज्यादा आत्मविश्वास आ गया है। मैंने जो महसूस किया, उसके बारे में स्पष्ट रूप से कह दिया। हालांकि, अब मैं उन चीजों को भूलकर आगे बढ़ चुकी हूं।’
बता दें कि प्रियंका चोपड़ा स्टारर सीरीज ‘सिटाडेल’ में उनके साथ रिचर्ड मैडेन भी होंगे। इस सीरीज में दोनों को जासूस की भूमिका में देखा जाएगा। यह वेब सीरीज 28 अप्रैल से ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होने जा रही है।