रायपुर, छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले को आजतक हमलों और आईईडी ब्लास्ट के लिए जाना जाता था। यहां से आए दिन नक्सलियों द्वारा जवानों पर हमले की खबरें मिलती थी, लेकिन अबूझमाड़ इलाके के बच्चों ने आज ऐसा कारनामा कर दिखाया जिससे इस क्षेत्र का नाम रोशन हो गया है।

विश्व मल्लखंब चैंपियनशिप में किया कमाल
हाल ही में असम में हुई विश्व मल्लखंब चैंपियनशिप में नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले के तीन बच्चों ने स्वर्ण पदक जीता। छत्तीसगढ़ की एक अकादमी में ये तीनों बच्चे मल्लखंब की ट्रेनिंग लेते हैं। गोल्ड मेडल जीतने वाले अकादमी के तीन बच्चों में दो लड़कियां और एक लड़का शामिल है।
कोच बोले- ये खुशी का पल
अकादमी के कोच मनोज प्रसाद ने कहा कि खुशी की बात है कि हमारे क्षेत्र के बच्चों ने असम में आयोजित विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने कहा- यहां 30 लड़कियां और 40 लड़के ट्रेनिंग करते हैं। ये सभी दिन-रात मेहनत करते हैं और आशा है कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ और भारत के लिए स्वर्ण जीतेंगे।
