हिन्दू धर्म में एकादशी तिथि का बहुत महत्व माना जाता है। पंचांग के अनुसार, साल में कुल 24 एकादशी तिथियां पड़ती हैं। इन्हीं में से एक है ज्येष्ठ माह के कृष्ण पक्ष में आने वाली अपरा एकादशी। शास्त्रों में बताया गया है कि अपरा एकादशी के दिन भगवान विष्णु की पूजा करने और व्रत रखने से जीवन के सकट दूर होते हैं और मृत्यु के बाद व्यक्ति को स्वर्ग की प्राप्ति होती है। ऐसे में ज्योतिषाचार्य राधाकांत वत्स से आइये जानते हैं कि आखिर इस साल कब पड़ रही है अपरा एकादशी और क्या है इस दिन पूजा का शुभ मुहूर्त एवं इस एकादशी का महत्व।

हिन्दू पंचांग के अनुसार, अपरा एकादशी का शुभारंभ 2 जून, दिन रविवार को सुबह 5 बजकर 4 मिनट पर होगा। वहीं, इसका समापन 3 जून, दिन सोमवार को रात 2 बजकर 41 मिनट पर होगा। ऐसे में उदया तिथि के अनुसार, इस साल अपरा एकादशी का व्रत 2 जून को रखा जाएगा।
अपरा एकादशी 2024 शुभ मुहूर्त
अपरा एकादशी के दिन यानी कि 2 जून को आयुष्मान योग का निर्माण हो रहा है। आयुष्मान योग सुबह 5 बजकर 23 मिनट से दोपहर 12 बजकर 12 मिनट तक रहने वाला है। ऐसे में इस अवधि में भगवान विष्णु की पूजा करना श्रेष्ठ रहेगा। इस योग में पूजा करने से विष्णु कृपा होगी।
अपरा एकादशी 2024 महत्व
अपरा एकादशी के दिन भगवान विष्णु की आराधना कर व्रत रखने से न सिर्फ व्यक्ति को उसके बुरे कर्मों के फलों से मुक्ति मिल जाती है बल्कि मृत्यु के बाद व्यक्ति की आत्मा को भगवान विष्णु का धाम प्राप्त होता है। इसके अलावा, अपरा एकादशी के व्रत से सुख-सौभग्य की प्राप्ति होती है।
