रणवीर सिंह इस वक्त अपने करियर के क्रूशियल मोड़ पर हैं। जहां फिल्म स्टार की पिछली रिलीज फिल्में बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं कर सकीं। तो वहीं, एक्टर अपनी अपकमिंग फिल्मों को लेकर काफी चूजी हो गए हैं। सुपरस्टार रणवीर सिंह के हाथ इस वक्त इंडस्ट्री के बड़े निर्देशकों की दिलचस्प फिल्म हैं। जो एक बार फिर उनके स्टारडम में चार चांद लगा सकती हैं। अभी कुछ दिनों पहले ही जानकारी सामने आई थी कि फिल्म स्टार रणवीर सिंह ने अपनी अपकमिंग फिल्म के लिए साउथ फिल्म निर्देशक प्रशांत वर्मा के साथ हाथ मिलाया है।प्रशांत वर्मा अपनी हालिया रिलीज ब्लॉकबस्टर मूवी ‘हनु-मैन’ की वजह से सुर्खियों में है। महज 20 करोड़ रुपये में बनी उनकी इस 250 करोड़ी फिल्म ने कई बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड्स धराशायी कर दिए थे। जिसे लेकर एंटरटेनमेंट न्यूज की दुनिया में काफी चर्चाएं रही थीं। अब वो अपनी अगली फिल्म ‘जय हनुमान’ को लेकर बिजी हैं। इसके साथ ही फिल्म निर्देशक ने सुपरस्टार रणवीर सिंह के साथ अपनी एक और अगली फिल्म के लिए कथित तौर पर हाथ मिला लिया है।

खबर है कि सुपरस्टार रणवीर सिंह और निर्देशक प्रशांत वर्मा की इस फिल्म का टाइटल ‘राक्षस’ रखा गया है। पिंकविला की एक खबर की मानें तो फिलहाल इस फिल्म का टाइटल ‘राक्षस’ चुना गया है। ये निर्देशक प्रशांत वर्मा के सिनेमैटिक यूनिवर्स की अगली कड़ी की फिल्म होगी। जिसमें रणवीर सिंह का किरदार कई नकारात्मक ऊर्जाओं से प्रभावित होगा। फिल्म के बारे में करीबी सूत्र ने कहा, ‘ये प्रशांत वर्मा के सिनेमैटिक यूनिवर्स की अगली कड़ी होगी। जहां निर्देशक कई किरदारों को लेकर आने वाले हैं। जो अंत में फिनाले में एक साथ दिखेंगे। रणवीर सिंह इस किरदार और निर्देशक के विजन को लेकर बेहद प्रभावित थे। साथ ही उनकी लंबी योजनाओं को लेकर उत्साहित हैं। वो निर्देशक के साथ राक्षस का सफर शुरू करने को लेकर उत्साहित हैं।’
हो चुकी है मुहूर्त पूजा
इतना ही नहीं, रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म की स्क्रिप्ट और स्क्रीनप्ले बनकर पहले ही तैयार हो चुके हैं। फिल्म को मैत्री मूवी मेकर्स जैसा बिग प्रोडक्शन बैनर भी मिल चुका है। अब मेकर्स फिल्म की शूटिंग की तारीखों को लेकर एक्टर के साथ बातचीत के दौर में हैं। दिलचस्प बात ये है कि फिल्म के लिए मेकर्स के साथ रणवीर सिंह ने बीती हनुमान जयंति के दिन हैदराबाद में एक पूजा भी पूरी की है। अब सिर्फ इस फिल्म के आधिकारिक ऐलान का इंतजार है।
